नवचेतना युवा मंच ने की अपील - नशामुक्त हों धार्मिक आयोजन
नवचेतना युवा मंच ने की अपील - नशामुक्त हों धार्मिक आयोजन
राजिम,
नवचेतना युवा मंच द्वारा नगर स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नगर के समस्त जनप्रतिनिधि, नवदुर्गा उत्सव समिति के पदाधिकारी, पत्रकार, पुलिस एवं नगर पंचायत प्रशासन तथा नगर के समस्त वर्गों को आमंत्रित किया गया। धार्मिक एवं सामाजिक चेतना हेतु आहुत इस बैठक में नगर के समस्त गणमान्य जनों ने सहभागिता दी। बैठक में नवरात्रि, दशहरा, विसर्जन कार्यक्रम एवं विभिन्न धार्मिक पर्वों को नशामुक्त करने हेतु अपील की गई। धार्मिक पर्वों को नशामुक्त रखने हेतु समस्त उपस्थित जनों द्वारा सुझाव दिया गया कि उक्त संबंध में सम्मिलित कार्य योजना बनाई जाए तथा एक संयुक्त समिति का गठन किया जाए, जो धार्मिक पर्वों को पूर्ण नशामुक्त रखने का प्रयास करेगी। उक्त प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
इस अवसर पर नवचेतना युवा मंच, राजिम के संस्थापक सागर शर्मा ने आह्वान करते हुए सभी समाज, दुर्गा समितियों और युवाओं से कहा कि माँ दुर्गा का यह पर्व सर्व समाज के लिए अत्यंत गौरवशाली है, जो हमारी महान संस्कृति का परिचायक है। यह पर्व हमें शक्ति की भक्ति सिखाता है। साथ ही विजयादशमी का पर्व बुराइयों पर अच्छाइयों के विजय का प्रतीक है।मंच ने अपने अपील में कहा कि पिछले कुछ वर्षों से इन पर्वों में बुराइयों का दबे पाँव प्रवेश हो गया, जिसके चलते प्रतिमा विसर्जन आदि में नशापान, शोरगुल, फुहड़ नाच-गाने का प्रचलन शुरू हो गया है, जो हमारी धार्मिक एवं सामाजिक संस्कृति का सरासर अपमान है। राजिम, छत्तीसगढ़ का प्रयागराज है। प्राचीन पवित्र पर्वों में आई उपर्युक्त विकृतियों को दूर करने के लिए सभी से चिंतन के साथ ही सहयोग एवं पहल की अपेक्षा की जा रही है, जिससे हमारे धार्मिक पर्वो को व्यसन मुक्त बनाया जा सके। मंच ने यह भी कहा है कि यह भूमि, कौशल्या माता की जन्मभूमि, भगवान श्रीराम वनगमन मार्ग, लोमष ऋषि आश्रम तपस्थली, भगवान श्री राजीव लोचन एवं भगवान श्री कुलेश्वनाथ महादेव के पावन भूमि के नाम से भी जाना जाता है, यहाँ की महत्ता पूरे देश में विख्यात है, इसलिए उक्त अवसरों पर शांतिपूर्ण तरीके से धार्मिक नृत्य ही करें।
ज्ञातव्य है कि नवचेतना युवा मंच द्वारा मंदिरों, पांडालों एवं चौक-चौराहों में नशामुक्ति अभियान संबंधित फ्लैक्स लगाए जा रहे हैं तथा पाम्पलेट एवं पत्र इत्यादि बाँटकर नशामुक्ति हेतु अपील की जा रही है। छत्तीसगढ़ की धर्मनगरी राजिम में धार्मिक आयोजनों एवं अन्य कार्यक्रमों को नशामुक्त रखने एवं अन्य विषयों पर विचार-विमर्श हेतु नवचेतना युवा मंच राजिम द्वारा मंगल भवन, नगर पंचायत परिसर राजिम में आयोजित कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकगण उपस्थित रहे जिनमें जितेन्द्र सोनकर, ताराचंद मेघवानी, आर.एन. तिवारी, गणेश गुप्ता, कालू राम ध्रुव, महेश यादव, विवेक शर्मा, सुभाष शर्मा, सुनील तिवारी, श्रवण सिंह ठाकुर, शरद शर्मा, सुनील देवांगन, मनीष दुबे, पंडित विजय शर्मा, पंडित डिकेश्वर शर्मा, योगेन्द्र सिंह ठाकुर, मनीष दुबे, देवेन्द्र शर्मा, प्रवीण देवांगन, सुनील देवांगन, पुरुषोत्तम लालवानी, राकेश गुप्ता, मोहन सोनकर, पद्मा दुबे, मनीषा शर्मा, कुमारी बाई निर्मलकर, जय शर्मा, रवि निर्मलकर, कमल सोनकर, कमलेश पटेल, भरत पटेल, वासुदेव सोनकर, करण सोनकर, ओमेन्द्र नाग, कुमार धीवर, हुमन देवांगन, राजीव गुप्ता, शेखर मोहबिया, कुंदन सोनकर, मयंक तंबोली, भोजराम साहू, विकास देवांगन, महेश सोनकर, दुष्यंत घृतलहरे, शीतल कुमार, ठगेश्वर साहू, घनश्याम साहू, दानेश्वर कंडरा, नितीन देवानी, वैभव यादव, नीलकमल बारले, दीपेश कुर्रे आदि उपस्थित रहे एवं अपने सुझाव प्रस्तुत किए।