एसडीएम की समझाइश के बाद पालिका अध्यक्ष की अनिश्चिकालीन हड़ताल टली
एसडीएम की समझाइश के बाद पालिका अध्यक्ष की अनिश्चिकालीन हड़ताल टली
गरियाबंद
नगर के रावनभाठा स्थित तालाब के सफाई को लेकर शुक्रवार को होने वाली नगर पालिका अध्यक्ष और वार्डवासियो की अनिश्चितकालीन हड़ताल एसडीएम के समझाइश के बाद फिलहाल टल गई है। नए कलेक्टर से मिलने के बाद अब इस मामले में आगे का निर्णय लिया जाएगा।
ज्ञात हो कि रावनभाठा स्थित तालाब की सफाई के लिए पानी और राशि की मांग को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने प्रशासन को तीन दिवस का अल्टीमेटम दिया था। जिसमें मांग पूरी ना होने पर उन्होने वार्डवासियो के साथ तालाब में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी थी। लेकिन इस बीच कलेक्टर का तबादला हो गया और नए कलेक्टर अब सोमवार को आयेंगे। जिसके चलते मामले में किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्यवाही संभव नही है। इसको देखते हुए गुरूवार शाम एसडीएम विश्वदीप यादव ने नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन, वार्ड पार्षद विष्णु मरकाम और वार्डवासियो के साथ बैठक की। उनके समझाइश बाद शुक्रवार को होने वाली हड़ताल टल गई।
इस दौरान एसडीएम विश्वदीप ने समझाइश देते हुए कहा कि नपा अध्यक्ष एवं वार्डवासियो द्वारा जो मांग की गई है वह उच्च अधिकारियो के संज्ञान में लाई गई है। प्रशासन का भी प्रयास है कि जल्द तालाब की सफाई हो। वर्तमान में कलेक्टर नम्रमा गांधी का तबादला हो गया है। नए कलेक्टर सोमवार को आयेंगे। लेकिन इसका निराकरण कलेक्टर के माध्यम से संभव है। उन्होने वार्डवासियो को आश्वस्त करते हुए कहा कि नए कलेक्टर से मिलकर समस्या के निराकरण का प्रयास करेंगे। जिसके बाद अध्यक्ष व वार्डवासियो ने हड़़ताल टाल दी है।
