*जब पुलिसकर्मी ने बिना मास्क के मजदूरों को देखा*
रायपुर में लॉकडाउन के बीच पुलिसकर्मी ने मजदूरों को मास्क बांटे, जरूरतमंदों के लिए वैन में खाना लेकर निकले लोग
बुधवार को रायपुर शहर में लॉकडाउन का दूसरा दिन है। सड़कों पर सुबह कुछ लोग नजर आए। यह सभी इमरजेंसी सर्विस से जुड़े और ऐसे लोग थे, जो अस्पताल जा रहे थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने इन्हें आगे जाने दिया। कुछ चौराहों पर मदद की तस्वीरें भी देखने को मिलीं। कोरोना संकटकाल में जब सब कुछ बंद है तो सेवा के काम जारी हैं।
जब पुलिसकर्मी ने बिना मास्क के मजदूरों को देखा
रायपुर के स्टेशन रोड के पास तैनात नगर सेना के जवान सतनाम सिंह की नजर सफाई के काम में लगे मजदूरों पर पड़ी। उन्होंने पुलिस के क्रेन वैन में कुछ मास्क पहले से रखे हुए थे। यह मास्क ले जाकर उन्होंने मजदूरों को बांट दिए। सतनाम ने बताया कि श्रमिकों में कुछ के पास मास्क नहीं थे। किसी के मास्क फट गए थे पुराने हो गए थे, इसलिए नए मास्क दे दिए। सफाई के काम में लगे श्रमिक भी कोरोना वॉरियर हैं।
हर रोज 100 से ज्यादा लोगों की मिटाते हैं भूख
रायपुर के तेलीबांधा इलाके में रहने वाले समाजसेवकों की टीम हर रोज सुबह निकलती है। एक वैन में बड़े से बर्तन में पुलाव रखते हैं। साथ में बड़े से थर्मस में चाय भी होती है। वॉलेंटियर्स की ये टीम हर चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों को खाने की चीजें बांटते हुए बढ़ती हैं। फुटपाथ पर रहने वाले लोगों को भी यह भोजन दे रहे हैं। लॉकडाउन के पहले डीकेएस हॉस्पिटल के बाहर यह टीम मरीज के परिजनों को नि:शुल्क भोजन दे रही थी, अब हॉस्पिटल में खाना बांटने के बाद यह चौराहों की तरफ भी बढ़ रहे हैं।




