कोविड-19 उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
कोविड-19 उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
आरंग
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आरंग में कोविड-19 उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें विकासखंड के लगभग 200 से अधिक मेडिकल व क्लीनिक संचालक सहित प्राइवेट प्रैक्टिसनर डॉक्टरो की उपस्थिति रही। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता के रूप में जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मीरा बघेल ने कहा की कोविड के रोकथाम में आप सब महत्वपूर्ण कड़ी हैं और कोविड-19 के बचाव की दिशा में आपसे सहयोग अपेक्षित है। लोगों को अधिक से अधिक कोविड-19 टेस्ट के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे विकासखंड को कोरोना मुक्त बनाने के लिए संकल्प लेने की भी बात कही। वहीं उपस्थित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विनायक शर्मा ने कहा की सावधानी ही सुरक्षा है और इसके लिए शासन प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन में सहयोगी बने। इस अवसर पर विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.एस. राय ने कहा की यह भ्रामक अफवाह है कि कोरोना टेस्ट कराने से पॉजिटिव ही आता है। उन्होंने तथ्यात्मक आंकड़े पेश करते हुए बताया कि अब तक 18410 टेस्ट हुए हैं जिसमें 1941 पॉजिटिव केस में 1908 ठीक हो चुके हैं, वर्तमान में 33 एक्टिव केस हैं जबकि 13 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि त्योहार के बाद और अधिक से अधिक कोरोना एंटीजन टेस्ट की आवश्यकता है, प्रशिक्षण में थाना प्रभारी एल.डी. दीवान एवं ड्रग इंस्पेक्टर सुरेश साहू ने भी कई उपयोगी जानकारी दी। बी.ई.टी.ओ. सविता साहू एवं बी.ई.ई. महेश चंद्राकर ने कोरोना वायरस के बचाव के लिए क्या करें और क्या ना करें इस संबंध में प्रतिवेदन वाचन कर जागरूक किया कि खांसी और बुखार होने पर किसी अन्य के संपर्क में न आते हुए सार्वजनिक स्थलों पर ना थूके। इस अवसर पर दवा विक्रेता संघ आरंग की ओर से राममणी शुक्ला, विनोद गुप्ता, चंद्रप्रकाश चंद्राकर व संतोष चंद्राकर द्वारा मुख्य प्रशिक्षक का पुष्प गुच्छ व प्रतीक चिन्ह से सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अरविन्द वैष्णव व आभार डॉ. के.एस. राय ने किया तथा मेडिकल व क्लीनिक संचालकों से आए प्रश्नों का भी प्रशिक्षकों द्वारा समाधान किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार नरेंद्र बंजारा, नेत्र चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.पी.भार्गव, बी.पी.एम. दीपक मिरे सहित सभी स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।
