सीएम भूपेश ने अमितेष शुक्ल को किया सम्मानित, स्व. विद्याचरण शुक्ल को किया याद
सीएम भूपेश ने अमितेष शुक्ल को किया सम्मानित, स्व. विद्याचरण शुक्ल को किया याद
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने झीरम घाटी में शहीद पं. विद्याचरण शुक्ल को याद करते हुए राजधानी में उनके नाम पर बनाए गए चौक का लोकार्पण किया। इस मौके पर श्री बघेल ने झीरम हमले में शहीद पार्टी नेताओं के नाम की पट्टीका का भी अनावरण किया।
लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर स्वर्गीय पंडित विद्याचरण शुक्ल को याद करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि रायपुर और पंडित विद्याचरण शुक्ल का अभिन्न साथ रहा है। उनके कारण ही छत्तीसगढ़ को पूरे प्रदेश और दुनिया में अलग पहचान मिली। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में भी उनका अहम योगदान रहा है। वह चाहे किसी भी पद में रहे हो या ना रहे हो जन कल्याण के लिए वे सदा समर्पित रहे। उनके जीवन में हम बहुत सी बातें सीख सकते हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने शहीद पंडित विद्याचरण शुक्ल के नाम से स्थापित चौक में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की भी बात कही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरी प्रशासन मंत्री डॉक्टर शिव डहरिया ने की। इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं रायपुर विधायक ग्रामीण सत्यनारायण शर्मा, अमितेश शुक्ल, बृजमोहन अग्रवाल, महापौर एजाज ढेबर ने भी शहीद विद्याचरण शुक्ल के व्यक्तित्व पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वर्गीय विद्याचरण शुक्ल के भतीजे एवं राजिम विधायक अमितेश शुक्ल को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
विधायक अमितेश शुक्ला ने अपने उद्बोधन में कहा कि पंडित विद्याचरण शुक्ल ने लंबे समय तक केंद्र की राजनीति की है। वह कई बार केंद्रीय मंत्री रहे, मंत्री रहते हुए उनके कामकाज का तरीका बिल्कुल अलग रहा। जिसका फायदा देशवासियों को अधिक से अधिक मिलता रहा।
विद्याचरण शुक्ल व्यक्तित्व पर चर्चा करते हुए श्री अमितेष ने कहा कि श्री शुक्ल बड़े व्यक्तित्व के धनी थे। जो व्यक्ति उनके संपर्क में आया वह उनसे प्रभावित हुए बगैर नहीं रह सका। यही कारण है कि देश विदेश में उनके चाहने वालो की संख्या बहुत अधिक है।
विधायक अमितेश शुक्ल ने कहा कि वे स्वयं अपने चाचा विद्याचरण शुक्ल से काफी प्रभावित रहे हैं। उन्होंने हमेशा उनके बताए पदचिन्हों पर चलने का प्रयास किया है। उनके बताये रास्ते पर चलते हुए ही उन्होंने क्षेत्र की जनता की सेवा करने का संकल्प लिया है।

