*सोरम में आयोजित मिश्रित वृक्षारोपण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा ने किया पौधरोपण,दस एकड़ रकबे में लगाए जाएंगे,2780 इमारती, छायादार और फलदार पौधे*
*सोरम में आयोजित मिश्रित वृक्षारोपण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा ने किया पौधरोपण,दस एकड़ रकबे में लगाए जाएंगे,2780 इमारती, छायादार और फलदार पौधे*
जितेंद्र महमल्ला /धमतरी
24 सितम्बर 2021/ शासन की मंशा अनुरूप कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा की पहल पर शहर के आसपास रिक्त भूमि पर वृक्षारोपण कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज धमतरी विकासखण्ड के ग्राम पंचायत सोरम में गौठान के पास रिक्त भूमि में फलदार, छायादार एवं इमारती पौधों का मिश्रित वृक्षारोपण किया गया। यह कार्य मनरेगा, डीएमएफ, 15 वें वित्त और उद्यानिकी विभाग के अभिसरण से कराया जा रहा है। इसमें कुल 10 एकड़ रकबे में 2780 पौधे लगाए जाएंगे। इसके के लिए 16 लाख 77 हजार रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। इनमें छायादार और फलदार पौधे जैसे आम, अमरूद, नींबू, एप्पल बेर, सीताफल, कटहल, जामुन और इमारती पौधे शीशम, खम्हार, बरगद, पीपल, करंज और नीम के पौधों का रोपण किया जा रहा है।
आज सुबह 11 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कांति सोनवानी, ज़िला पंचायत सदस्य श्रीमती तारिणी चन्द्राकर,श्रीमती कविता बाबर, जनपद अध्यक्ष धमतरी श्रीमती गुंजा साहू, उपाध्यक्ष श्री अवनेन्द्र साहू, सदस्य श्रीमती अनुपमा साहू, श्री जोगेन्द्र साहू, ग्राम पंचायत सोरम की सरपंच श्रीमती नंदनी साहू,अन्य जनप्रतिनिधियों ने छायादार, फलदार और इमारती पौधे लगाए। कलेक्टर श्री एल्मा द्वारा फलदार आम का पौधा रोपा गया।
इस मौके पर कलेक्टर ने कहा कि वृक्षारोपण से वातावरण शुद्ध होगा, साथ ही स्व सहायता समूह और ग्राम पंचायत को भी अतिरिक्त आमदनी होगी। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत धमतरी को निर्देशित किया कि वे समूह की महिलाओं को वृक्षारोपण के लिए चयनित करें। साथ ही सहायक संचालक उद्यानिकी को पौधों का सतत् निरीक्षण करने, तकनीकी सहयोग के निर्देश दिए। उपस्थित स्व सहायता समूह की महिलाओं को लगन एवं मेहनत से कार्य करने की सलाह भी दी, जिससे कि उनके आजीविका में वृद्धि हो सके। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती प्रियंका महोबिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




