*अनियमित स्वास्थ्य कर्मियों की माँग जायज,सरकार अपना वादा पूरा करें : चंद्रशेखर साहू*
अनियमित स्वास्थ्य कर्मियों की माँग जायज,सरकार अपना वादा पूरा करें : चंद्रशेखर साहू
राजिम
जिला पंचायत सदस्य गरियाबंद व कोऑपरेटिव सोसायटी राजिम के अध्यक्ष भाजपा नेता चंद्रशेखर साहू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर संविदा स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा नियमितीकरण के मांग का समर्थन करते हुए जायज बताया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के पूर्व अपने ‘जनघोषणापत्र’ को लोकलुभावन बनाने प्रदेश में कार्यरत समस्त संविदा कर्मियों को नियमित करने का वादा कर सत्तासीन कांग्रेस सरकार सत्ता में आने के बाद ‘संविदा कर्मियों’ को नियमित करने के बदले मानसिक रूप से प्रताड़ना का शिकार बना रही है। आज अनियमित स्वास्थ्य कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से कोरोना की सैंपल टेस्टिंग प्रभावित हो रही है और इस हड़ताल से प्रदेश में कोरोना का अत्यधिक सामुदायिक प्रसार भी संभावित है। सरकार के पास अनावश्यक रूप से 28 करोड़ रुपए का हज हाउस और 270 करोड़ के नए विधानसभा भवन के लिए बजट है लेकिन विगत कई महीनों में बिना अवकाश के कार्य कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों के नियमितीकरण के लिए सरकार के पास पैसा नहीं है, यह समय संकट का है सरकार को अतिशीघ्र अपने चुनावी वादों को पूरा कर इन कोरोना योद्धाओं का सम्मान करना चाहिए। चूंकि जान की परवाह न करते हुए ‘कोरोना वारियर्स’ के रूप में कोविड-19 से लड़ने वाले अग्रिम पंक्ति के उम्रदराज हो चुके कोरोना योद्धाओं का असहनीय अपमान देख प्रदेश में कार्यरत समस्त विभागों के संविदा व साथ में नियमित कर्मचारी भी चिंतित व हतप्रभ हैं। उन्होंने संविदा स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा अपने अस्तित्व की रक्षार्थ नियमितीकरण हेतु जारी प्रयास का समर्थन करते हुए सरकार से इनके भविष्य के साथ खिलवाड़ न करते हुए समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।
